उज्जैन। भारत माता मंदिर सभागार में डॉ. नीरा मिश्रा साहित्य सम्मान और नीर कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। अतिथियों के स्वागत-सत्कार स्टेट बैंक लेडीज क्लब उज्जैन की महिलाओं द्वारा किया गया। तत्पश्चात् आरती प्रिया के मंत्रोच्चारण और अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के संग कार्यक्रम की शुरुआत हुई। दीपा मिश्रा ने कार्यक्रम के मुख्य उद्देश्य को प्रतिस्थापित किया। मुख्य अतिथि मैथिली के वरिष्ठ साहित्यकार रामानन्द झा रमण ने कार्यक्रम के सन्दर्भ में अपना वक्तव्य दिया। विशिष्ट अतिथि प्रसिद्ध भाषाविद् डॉ. उदय नारायण सिंह नचिकेता जो प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित हो सके थे, उन्होंने विडियो संदेश के माध्यम से अपने विचार रखे। इसके बाद डॉ. नीरा मिश्रा द्वारा संकलित मैथिली पाक कला पोथी सिदहा बारी का लोकार्पण विद्वतजनों की उपस्थिति में किया गया।
इसके बाद डॉ. नीरा मिश्रा स्मृति साहित्य सम्मान आभा झा को उनकी पुस्तक उर्मि के लिए प्रदान किया गया। पुरस्कार स्वरूप 25 हजार रु. की धनराशि और प्रतीक चिन्ह दिया गया। डॉ. अजय मिश्र और डॉ. सदन मिश्र ने विजेता तथा सभी प्रतिभागियों को शुभकामना तथा आशीर्वचन दिया। कार्यक्रम दो सत्रों में विभाजित था। दूसरे सत्र में नीर काव्य सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता मीना झा ने किया। इस काव्य पाठ में मैथिली के कई स्थापित रचनाकारों ने अपनी रचनाएं सुनाईं। कुणाल, रंजू मिश्र, आभा झा, शारदा झा, दीपा मिश्रा, दीपिका झा, आरती प्रिया, नेहा झा मणि, अंबिकेश आदि कवियों की कविताओं से सभागार गुंजायमान हो उठा। ओपन माइक में नये कवियों ने रचनाएं सुनाईं। कार्यक्रम में मंच संचालन दीपिका, शारदा, आरती ने किया। निशा ठाकुर के धन्यवाद ज्ञापन के साथ सफलतापूर्वक कार्यक्रम समाप्त हुआ।