उज्जैन। डॉ. नीरा मिश्रा स्मृति साहित्य सम्मान का आयोजन 24 दिसंबर को प्रात: नौ बजे भारत माता मंदिर सभागार, श्री महाकाल परिसर, उज्जैन में किया जाएगा। इस वर्ष इस पुरस्कार के लिए ग्यारह पुस्तकों में से श्रीमती आभा झा विरचित ऊर्मि काव्य संकलन का चयन किया गया है। इसके निर्णायक मंडल में डॉ. भक्तिनाथ झा, डॉ. विजय मिश्र, शैलेन्द्र आनन्द और डॉ. अजय मिश्र थे। मैथिली महिला रचनाकारों को प्रोत्साहित करने हेतु यह पुरस्कार डॉ. नीरा मिश्रा सामाजिक सरोकार न्यास द्वारा इसी वर्ष से प्रदान किया जा रहा है। पुरस्कार स्वरूप सम्मानित रचनाकार को पच्चीस हजार रु. की राशि सहित प्रतीक चिह्न तथा प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
इसके साथ ही प्रथम नीर मैथिली कवि- सम्मेलन का आयोजन भी मंगलवार 24 दिसंबर को वाची मैथिली पत्रिका और शब्द कल्प के तत्वावधान में किया जा रहा है।
मुख्य अतिथि के रूप में मैथिली के वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. रामानन्द झा रमण, पटना से आ रहे हैं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. उदय नारायण सिंह नचिकेता, विश्व प्रसिद्ध भाषाविद आमंत्रित हैं। देश के विभिन्न भागों से मैथिली कवि उज्जैन में एकत्रित हो रहे हैं, जिनमें पटना से कुणाल, नई दिल्ली से मीना झा, आभा झा, युवा कवि अंबिकेश, वाराणसी से रंजू मिश्र, नेहा झा मणि, हैदराबाद से शारदा झा, मुंबई से दीपिका झा, समस्तीपुर से आरती प्रिया, उज्जैन से दीपा मिश्रा हैं। कार्यक्रम में निशा ठाकुर, मनीष चौधरी, कल्पना झा, राजीव झा, संध्या मिश्रा आदि मैथिली प्रेमी लोगों की भी उपस्थिति रहेगी।